Monday, June 9, 2025

निजीकरण की ज्वाला

सत्ता का अंधा गलियारा
मचा रहा कोलाहल सारा।

घर को बेच रहा सौदे में
होने वाला है घोटाला।

बाहर से है उजला उजला
भीतर से है एकदम काला।

पूंजीपतियों की चौखट पर
दुम हिलाता नौकर आला।

वो मध्यम गरीब के बेटे 
अभाव ने है जिनको पाला।

भविष्य दांव पर लगा दिया है
आखिर कैसा बैर निकाला।

तजकर अपनी बद नीयत को
बुझा दे निजीकरण की ज्वाला।

संघर्षों को न्यौता ना दे
तोड़ दे अपनी जिद का प्याला।

सारी शर्तें एक फ़रेब है
ढोंग बड़ा तू रचने वाला।

नहीं हमें स्वीकार नहीं
हितों पे जो ये डाका डाला।

चट्टानों से डटे रहेंगें
पीछे कदम न हटने वाला।

सच की ख़ातिर टकराएंगे
रंग बसंती है रंग डाला।

विचलित नहीं जरा भी होंगे
पीना पड़े हलाहल हाला।
 
तूफानों को आगे कर दे
या फिर मार फेंक कर भाला।

संकल्प अटल है अडिग है 
झुका नही न झुकने वाला।

        -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'


No comments:

Post a Comment

खिड़की

खिड़की घर में एक खिड़की थी। उससे धूप आती थी। बारिश आती थी। धूल भी। कभी-कभी एक उदास शाम भी। खिड़की ने किसी को नहीं रोका। न धूप को। न धूल को। ...