Monday, February 19, 2024

मेरा भारत महान

जिसकी महानता के गीत गाते फिरते हो
क्या कभी ये सोचा है कि कैसे वो महान है
जम्बूदीप आर्यावर्त भारत कहे कोई
क्यों कहे कोई कि ये मेरा हिंदुस्तान है।
भूल है कि इसको बनाने वाला है कोई
भाग्य विधाता है यही, विधि का विधान है। 
लहराता सिंधु में नदियों में बहता है
पेड़ पंछी पर्वतों की सुर लय तान है।

जम्बूकुश क्रौंच शाक, शाल्मली प्लक्ष पुष्कर
अलक्षित प्राचीन सात द्वीप धरती के
एक लाख योजन जल सिंधु के वलय मध्य 
जगमगाते जल में प्रदीप धरती के
सत्यसनातनीसुदीप, बीचोंबीच जम्बूदीप
सूर्य से चमकते महीप धरती के।
जामुन के वृक्ष की बहुलता से जम्बूदीप
यूँ लगे कि मोती बिन सीप धरती के।

जम्बूद्वीप का विस्तार नौ खंडों में अपार
एक खंड मनु के सुपौत्र ने बसाया था
हरित ललित जीव संपदा से परिपूर्ण
आठ देवलोक मर्त्यलोक एक भाया था
इलावृत किंपुरुष रम्यक कुरु केतुमाल
हिरण्यमय हरि भद्राश्व  सरमाया था
मनु प्रियव्रत नाभि मेरु महाराज भरत
का सजाया राज भारतवर्ष कहलाया था।

पूर्वखण्ड,उत्तरखण्ड,पश्चिमखण्ड,दक्षिणखण्ड
मध्यखण्ड,अपूर्वखण्ड,अपरार्धखण्ड 
उत्तरार्धखण्ड,मर्त्यलोक / मानवखण्ड

भारतवर्ष के सुमध्य सभ्य कुलीन जन
वेदपाठी ब्रह्मज्ञानी श्रेष्ठि आर्य कहलाये
पर उपकार की भावना से भरे हुए
सृष्टि के कण कण में बसे मनभाये
सिंधु वितस्ता कुभा रावी सतलज गोमल
गंगा यमुना सरस्वती के जल में नहाये
सभ्यता के स्वर्णिम काल में समूचा भारतवर्ष
आर्यावर्त इसी नाम से ही तो जाना जाए।

है रिवाज फूल का तो फूल बाँटते चलें
इंदु सिंधु हिन्दू का मूल जानते चलें
सृष्टि के आरम्भ से रचा बसा है सृष्टि में
हिन्दू महज धर्म है ये भूल टालते चलें
जम्बू द्वीप का प्रदीप हिंदु स्थान है
देवताओं ने गाया जिसका यशगान है।
तो यशगान गाते हुए आगे बढिये सदा
गर्व से कहिये की मेरा भारत महान है।


                   देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

खिड़की

खिड़की घर में एक खिड़की थी। उससे धूप आती थी। बारिश आती थी। धूल भी। कभी-कभी एक उदास शाम भी। खिड़की ने किसी को नहीं रोका। न धूप को। न धूल को। ...