Sunday, August 31, 2025

अर्पण और समर्पण

अर्पण और समर्पण

अर्पण है —
हथेली पर रखी हुई पंखुड़ी,
जो फूल से टूटकर भी
सौंदर्य का वचन निभाती है।

समर्पण है —
उस पंखुड़ी की सुगंध,
जो अदृश्य होकर भी
पूरे वातावरण को अपना बना लेती है।

अर्पण है —
दीपक में रखा तैल,
जो लौ को थामे रहता है।
समर्पण है —
वह ज्योति,
जो स्वयं को जलाकर
अंधकार का अस्तित्व मिटा देती है।

अर्पण है —
एक जलधारा का अर्घ्य,
जो किसी देवता के चरणों को छूता है।
समर्पण है —
पूरा सागर,
जो किनारों का भान खोकर
अनंत में विलीन हो जाता है।

अर्पण कहता है —
“मैं यह तेरा हूँ।”
समर्पण कहता है —
“मैं भी तेरा हूँ,
अब शेष कुछ मेरा नहीं।”

Thursday, August 28, 2025

औघड़

औघड़

नाग की माला, भस्म का वस्त्र,
श्मशान की राख में दीपक का तेज—
वही है औघड़।

ना पवित्र, ना अपवित्र,
ना बंधन, ना भय—
जहाँ हर भेद मिट जाए,
सिर्फ़ सहजता रह जाए,
वही है औघड़।

औघड़ हँसता है—
मृत्यु के द्वार पर भी,
और नाच उठता है—
अंधकार की गोद में भी।

वह न नियमों का दास है,
न वर्जनाओं का कैदी।
वह बस एक मुक्त आत्मा है,
जो जीवन को
जैसा है, वैसा ही जीता है।

प्रज्ञा और प्रज्ञान

प्रज्ञा और प्रज्ञान

जब आँखें जगत को देखती हैं
पर छल से परे, सत्य को पहचानती हैं,
तभी जागती है प्रज्ञा—
जैसे अंधेरे में
दीपक की लौ दिशा दिखा दे।

पर जब दीपक भी बुझ जाए,
और स्वयं चेतना ही
प्रकाश बन जाए—
जहाँ देखने वाला, देखा जाने वाला
और देखने की क्रिया
तीनों एक हो जाएँ,
तभी प्रकट होता है प्रज्ञान।

प्रज्ञा है विवेक की दृष्टि,
और प्रज्ञान है अस्तित्व की मौन अनुभूति।
प्रज्ञा मार्ग दिखाती है,
प्रज्ञान स्वयं मंज़िल है।

प्रांजल

प्रांजल

शब्द जब छल छोड़ देता है,
और स्वर में केवल सच्चाई रहती है,
तभी जन्म लेती है प्रांजलता।

जहाँ मन का दर्पण धुंधला न हो,
हर छवि निर्मल दिखाई दे—
वही है प्रांजल दृष्टि।

नम्रता की धारा जब अहंकार को बहा ले जाए,
और सरलता की रोशनी आत्मा को उजागर करे,
तभी जीवन कहलाता है प्रांजल।

यह कोई नाम नहीं,
यह तो चेतना की अवस्था है—
जहाँ मनुष्य
स्पष्ट भी है, सहज भी
और प्रकाशमान भी।

Wednesday, August 27, 2025

सोचना

सोचना केवल शब्दों की आहट नहीं,
यह तो मन की अदृश्य प्रयोगशाला है
जहाँ विचार रसायन मिलते हैं,
स्मृतियाँ कणों की तरह घूमती हैं,
और कल्पना अग्नि बनकर
नई सृष्टि का बीज गढ़ती है।

सोचना है—
भूले-बिसरे पलों को वर्तमान के आईने में देखना,
बीते आँसुओं और हँसी को
भविष्य की संभावनाओं से जोड़ना।
यह समय का वह संगम है
जहाँ कल, आज और आने वाला कल
एक ही धड़कन में समा जाते हैं।

कभी सोचना है—
तर्क की कठोर दीवार पर
सत्य की हथौड़ी बजाना,
और कभी
भावनाओं की भीगी मिट्टी से
सपनों का आकार बनाना।

सोचना है—
अपने ही भीतर से उठी आवाज़ से
संवाद करना,
कभी कठोर प्रश्न पूछना,
कभी नर्म उत्तर पाना।

पर सोचना केवल “जाल” भी है,
जहाँ मन निरंतर बुनता रहता है—
अगर हम उसमें फँस जाएँ
तो चिड़िया पिंजरे में रह जाती है।
लेकिन जब हम सोच के परे उठते हैं,
तब सच्ची मुक्ति का अनुभव होता है।

क्योंकि—
सोचना है नदी,
पर चेतना है सागर।
सोचना है पंख,
पर चेतना है आकाश।
सोचना है दीपक,
पर चेतना है अनन्त प्रकाश।

सोचना हमें मनुष्य बनाता है,
पर सोचना रोक देना
हमें परमात्मा से मिलाता है।

Tuesday, August 19, 2025

कृत्रिम सूरज

*कृत्रिम सूरज की सुबह*

रात की कोख अब
सिर्फ़ नेटफ्लिक्स के एपिसोड जनती है।
सुबहें
अलार्म से नहीं —
"स्क्रीन ऑन" से जागती हैं।

मैंने सूरज को कहा —
"अब मत उगो,
तुम्हारी रोशनी
Blue Light में खो गई है।"
खिड़की से बाहर नहीं झांकते लोग,
Weather App बता देता है
कि धूप आई है या
बस Notification।
माँ कहती थी —
"हर चुनौती में अवसर छिपा होता है"
पर अब चुनौतियाँ
OTP में अटक जाती हैं,
और अवसर
सिर्फ़ Influencers के लिए होते हैं।
गुल नहीं खिलते अब 
Gmail के Inbox में
"Congratulations! You've been selected"
नामक झूठे फूल जरूर खिले रहते हैं।
बिछड़े लम्हे अब
Memory नहीं —
Google Photos की Cloud Timeline हैं,
Delete करो तो भी
"Recently Deleted" में पड़े रहते हैं।
हूरें?
अब फ़ोन स्क्रीन पर आती हैं,
Beauty Filter में,
हकीकत से तीन MB ज़्यादा सुंदर।
देश की बात छोड़ो,
यहाँ मोहल्ला
Society WhatsApp Group से चल रहा है,
जहाँ "Jai Hind" और "Good Morning"
GIF में मिलते हैं।
मैं चाहता हूँ
कि कोई कहे —
"चलो, सच में सुबह लाएँ,"
पर तब तक
Zoom Meeting शुरू हो चुकी होती है।
अब सूरज नहीं उगते,
Router Restart होते हैं।
और उम्मीदें?
4G नेटवर्क पर Pending पड़ी रहती हैं।

          -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

यमराज की शिकायत

*यमराज की शिकायत - डॉक्टर की दया*

यमराज नाराज़ हैं,
चित्रगुप्त व्यथित,
यमदूतों ने
ड्यूटी से छुट्टी माँग ली है।

कारण?
डॉक्टर।

हाँ, वही —
जो सफ़ेद कपड़ों में
भगवान का विकल्प बनकर
प्राणों की रक्षा में खड़े हैं।

चित्रगुप्त बोले —
"प्रभु, अब मृत्यु
अस्पताल की दहलीज़ तक पहुँचती है,
पर डॉक्टर उसे
दूसरे रास्ते से लौटा देते हैं।"

कभी स्टेथोस्कोप से,
कभी सर्जरी से,
कभी सिर्फ़ मुस्कान से —
प्राण अटकते हैं,
पर बच जाते हैं।

यमराज ने पूछा —
"क्या ये व्यवस्था के विरुद्ध नहीं?"

चित्रगुप्त बोले —
"नहीं प्रभु,
ये तो करुणा की विजय है,
जहाँ एक मनुष्य,
दूसरे के लिए
मृत्यु से लड़ जाता है —
बिना किसी अस्त्र के।"

यमराज चुप हो गए,
गदा नीचे रख दी।

बोले —
"हमें कोई आपत्ति नहीं,
हम तो चाहते हैं —
मृत्यु से पहले
कोई जीवन जिए।
और अगर डॉक्टर
वो जीवन लौटा सके,
तो उसे
हमारा आशीर्वाद समझो।"

लेकिन फिर भी,
यमदूतों को कुछ काम तो चाहिए।

इसलिए अब
वे उन जगहों पर जा रहे हैं,
जहाँ डॉक्टर नहीं पहुँचते —
जैसे टूटे दिलों के कोने,
जहाँ मर्ज़ अकेलापन है,
और इलाज कोई नहीं।

डॉक्टर तो
रक्त रोक सकते हैं,
पर रिश्तों का रिसाव
वो भी नहीं रोक पाते।

यमराज बोले —
"बचाओ उन्हें
जो जीवन से भाग रहे हैं,
मौत से नहीं।
डॉक्टरों से हमें नहीं डर,
हमें डर है —
उन आत्माओं से
जो जीते जी
खाली हो चुकी हैं।"

         -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

व्यवस्था के शिकार

*व्यवस्था के शिकार*

मैं एक नया पुर्जा था,
नया अफसर,
चमकती आँखों वाला
जो कहीं से सीधे सेवा भाव लेकर आया था।

सोचा था –
देश की मशीन
मेरे जोड़ से तेज़ चलेगी,
रफ्तार बढ़ेगी,
फाइलें नहीं रुकेंगी,
दफ्तरों में धूल नहीं जमेगी।

माँ ने कहा था –
"ईमानदारी से काम करना बेटा।"
और मैंने सचमुच
हर फाइल को बच्चे की तरह पढ़ा,
हर सिग्नेचर को सोचकर किया।

पर दफ्तर ने मुझे देखा
जैसे मैं कोई वायरस हूँ
जो पुराने सिस्टम को बीमार कर सकता है।

कुर्सी बोली –
“इतनी जल्दी क्या है?”
टेबल की दराज से आवाज़ आई –
“यहाँ आदर्शवाद को धूप लगती है,
ध्यान रखना।”

बगल की केतली में चाय उबली,
और बाबू मुस्कराया —
“जोश में है?
थोड़ा घिस जा,
वरना गल जाएगा।”

मैं नहीं रुका।
तेज़ चला —
पर मेरे ही दांत
बाकियों से टकराने लगे।
शिकायतें ऊपर तक पहुँचीं।
कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट बनी,
एक बोला — “बहुत एक्टिव है,”
दूसरा बोला — “शायद किसी मंत्री का आदमी है!”

और ऊपर से आदेश आया —
“इसके दो दांत तोड़ो,
तेल मत दो,
तब सीखेगा सिस्टम क्या होता है।”

मैं हिला, टूटा,
पर रुका नहीं।

तो मुझे मशीन से बाहर कर दिया गया —
जैसे कोई नया सोचता शिक्षक
सिलेबस से बाहर कर दिया जाए।

मैं सोचता रहा —
मेरे बिना मशीन कैसे चलेगी?

पर मशीन चलती रही,
घर्र-घर्र, खच-खच —
जैसे कुछ बदला ही नहीं हो।

रिटायर्ड पुर्जे बोले —
“भैया, झुक जा...
ग्रीज नहीं मिलेगा,
तो जंग लग जाएगा।”

और फिर मैंने
जोश को अलमारी में बंद किया,
सपनों पर सरकारी नोटिंग चिपकाई,
और जुड़ गया उसी मशीन में
जहाँ मैं अब
आधा चलता हूँ, आधा सुस्ताता हूँ।

अब जब मैं अटकता हूँ,
तो पूरी मशीन रुकती है।
ऊपर वाला मुस्कराता है —
“देखो! कितना अनुभवी हो गया है।
प्रमोशन दो,
किसी ऊँचे विभाग में भेजो।”

पर
सिर्फ समझौता ही रास्ता नहीं था।
कुछ और पुर्जे थे
जो झुके नहीं,
बल्कि पलट गए।

जो पहले
घिसना नहीं चाहते थे,
अब
दूसरों को घिसते देख
चमकने लगे।

जो कभी कहते थे —
"हम रिश्वत नहीं लेंगे",
अब कहते हैं —
"बिना 'स्पीड मनी' के
फाइलें चलती नहीं।"

एक अफसर जो ईमानदार था,
अब "सिस्टम के अनुसार" व्यवहार करता है।
चाय के साथ
"लिफ़ाफा" भी रखवाता है।
और कहता है —
"ऊपर भी देना पड़ता है साहब,
वरना कनेक्शन जल जाता है।"

रिश्वत अब
घड़ी की सुई की तरह
सिस्टम में घूमती है —
हर दस्तखत पर
कुछ हिस्सा तय है,
जैसे फाइलों की भाषा में
अब भावनाएँ नहीं,
रेट लिस्ट लगी हो।

कभी फाइलें
उसके दिल में रखी जाती थीं,
अब पेट में रखी जाती हैं।

कभी जनता
उसकी ज़िम्मेदारी थी,
अब उसका "विकास फंड" है।

जो नहीं झुकते,
और ना ही बिकते —
वो धीरे-धीरे
किनारे रखे जाते हैं।
जैसे पुराना फोन
जो काम करता है
पर ऐप नहीं खोलता।

उनकी टेबल पर
फाइलें कम,
धूल ज्यादा होती है।

फिर कोई नया पुर्जा आता है
जो कहता है —
"मैं बदलाव लाऊँगा!"

हम सब हँसते हैं।
कुर्सियाँ मुस्कराती हैं।
चाय चुपचाप चढ़ती है।
और मशीन
घरर घरर चलती रहती है...।

नतीजा?

सिस्टम नहीं बदला,
पुर्जा बदल गया।
देश नहीं थका,
पर एक और ईमानदार अफसर
धीरे-धीरे
कामचोर या भ्रष्ट बना दिया गया।

सिस्टम की मशीन में
अब तेल नहीं लगता —
रिश्वत लगती है।
और जो आवाज़ करता है,
उसे 'अनफिट पुर्जा' कहकर निकाल दिया जाता है।

            -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

भारत छोड़ो

*भारत छोड़ो*

नई शिक्षा नीति की सुबह थी
कक्षा में मास्टरजी आए थे
चेहरे पर आशा, हाथ में प्रश्न
बोर्ड पर लिखा –
"भारत छोड़ो आंदोलन के चार सेनानी बताओ"

पीछे से उठा राहुल
जिसे इतिहास से ज़्यादा ट्रेंडिंग टॉपिक आते थे
मुँह में च्युइंग गम था, हाथ में स्मार्टफोन
और चेहरे पर वो आत्मविश्वास
जो सिर्फ़ शॉर्ट वीडियो देखकर आता है

उसने कहा –
“सर, बहुत आसान है
ललित मोदी,
नीरव मोदी,
मेहुल चौकसी,
विजय माल्या
यही तो हैं असली भारत छोड़ो आंदोलन के सेनानी”

कक्षा में हँसी गूंज उठी
गांधीजी दीवार पर टंगे-टंगे थोड़ा और लटक गए
मास्टरजी की चुप्पी भारी हो गई
किताबों के पन्ने खुद शर्म से पलट गए

धीरे से बोले मास्टरजी
“बेटा, ये आंदोलन देश की आज़ादी के लिए था
ना कि देश की संपत्ति उठाकर विदेश भागने के लिए”
राहुल मुस्कराया, जैसे सबूत सामने रख दिए हों
“लेकिन सर,
अब यही तो सच्चाई है
तब देश ने ज़ंजीरें तोड़ी थीं
अब बैंक लूटकर बंधन मुक्त हुआ जाता है”

अब पासपोर्ट नया चरखा है
बेल-बॉन्ड नमक का कानून
इंटरपोल नोटिस डांडी मार्च बन चुका है
और भगोड़े
आज के नवयुगीन शहीद कहे जाते हैं
जिन्होंने देश को त्यागा
पर लाभ को नहीं

नीरव मोदी बीस हज़ार करोड़ लेकर हीरे की चमक में खो गया
माल्या नौ हज़ार करोड़ की शराब पीकर लंदन चला गया
मेहुल चौकसी नागरिकता बदलकर
देश से रिश्ता बदल चुका है
ललित मोदी ने क्रिकेट को घोटाले में बदल दिया
और खुद को विदेश में शुद्ध कहने लगे

बैंकों की कमर टूट चुकी है
टैक्स देने वालों का भरोसा बिखर चुका है
और नौजवानों ने अब यह सीख लिया है
कि ईमानदारी CV में तो चलती है
पर पासपोर्ट पर स्टैम्प वो लगती है
जिस पर मुहर हो ‘भागने’ की

गांधी का चरखा अब घिस चुका है
नेहरू के सपनों पर धूल है
सुभाष की आवाज़ अब केवल घोषणाओं में बजती है
संविधान धीरे-धीरे रद्दी में बिकने लगा है
और ‘देशभक्ति’
अब रील्स में, हैशटैग में और विज्ञापनों में मिलती है

अब 'भारत छोड़ो' आंदोलन नहीं है
यह एक सुनियोजित निकासी योजना है
जहाँ विमान पहले तय होता है
और अपराध बाद में
जहाँ न्याय धीमा है
और उड़ानें तेज़

इतिहास अब परीक्षा में पूछा जाता है
हकीकत न्यूज़ चैनलों में घूमती है
और भविष्य —
वह भाग रहा है,
सूटकेस में देश की इज़्ज़त लेकर
किसी अगली उड़ान में,
किसी अगली बुलेटिन से पहले।

      *-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'*

सेवा अब बिक्री पर है

*सेवा अब बिक्री पर है*

सरकारी दफ़्तर अब थके नहीं,
थकाए जा रहे हैं।
ताकि कोई कह सके —
"देखो, ये तो बोझ हैं देश पर!"
और फिर धीरे से बेच दिया जाए,
जैसे दादी की ज़मीन —
बिना पूछे, बिना पछताए।

अब सेवा नहीं दी जाती,
सौदा किया जाता है।
नागरिक नहीं रहे,
अब हम ग्राहक हैं —
सन्तोष नहीं माँगते,
केवल बिल भरते हैं।

राशन कार्ड से अब राशन नहीं,
डिजिटल प्रमाणपत्र माँगा जाता है।
अनाज अब लाभ का माध्यम है —
“सब्सिडी” शब्द, पुराने पाठ्यक्रमों में पढ़ाया जाएगा।

रेल की सीटी अब
यात्रा की सूचना नहीं,
दरों की धमकी देती है।
त्योहारों में
टिकट नहीं मिलते,
शोषण के विशेष डिब्बे आरक्षित होते हैं।

अस्पताल अब तीर्थस्थल नहीं,
बाज़ार हैं।
रोगी नहीं,
ग्राहक आते हैं —
पैकेज चुनने।

"बीमा है?"
"नहीं?"
"तो क्षमा कीजिए —
जीवन रक्षा हमारी नीति में नहीं है।"

विद्यालय अब मंदिर नहीं,
ब्रांड बन गए हैं।
कक्षा की जगह
ऑनलाइन मंच है,
शिक्षक की जगह
पाठ्य-सामग्री की सदस्यता।

विद्यार्थी अब
ज्ञान नहीं,
डिग्री की रसीद खोजता है।
और फीस?
ब्याज सहित, पीढ़ियों तक चलती है।

पुलिस अब
अर्ज़ी नहीं लेती,
सिफारिश पर कार्रवाई करती है।
गरीब की रिपोर्ट?
फ़ाइल में दबी रहती है,
जैसे भविष्य में न्याय आना हो।

न्यायालय में अब
तथ्य नहीं,
समय और साधन चलते हैं।
अदालतें न्याय नहीं,
समझौते करती हैं —
पक्षकारों की आर्थिक क्षमता देखकर।

पानी अब
जल नहीं,
संभ्रांत वर्ग का उत्पाद है।
नल के नीचे नहीं मिलता,
बोतल में बिकता है —
'शुद्धता की गारंटी' के साथ।

बिजली अब सार्वजनिक नहीं रही,
उसकी भी अब निजी आरती होती है।

जहाँ पहले सरकार
कहती थी —
"हर घर बिजली पहुँचेगी,"
अब कंपनियाँ पूछती हैं —
"हर घर में कितनी कमाई पहुँचती है?"

ग्रामीण घरों में
बिजली आती है
जैसे नेता —
चुनाव के मौसम में।

अब बिजली जलने से पहले
हम बटन नहीं दबाते,
बिल की राशि का अनुमान लगाते हैं।

चार रुपये से शुरू होकर
ग्यारह रुपये प्रति यूनिट तक
पहुंच जाती है रौशनी —
मानो सूरज कंपनी का ठेकेदार हो।

बिजली कंपनियों को
अब लोग नहीं दिखते,
मीटर नंबर दिखते हैं।
शिकायत करने पर
"कृपया टोल-फ्री पर कॉल करें" —
जहाँ कोई जवाब नहीं देता,
बस रिकार्डेड आश्वासन चलता है।

अब अंधकार पर कोई सवाल नहीं पूछता,
क्योंकि उजाले का ठेका
निजी हाथों में है।

और सरकार?
अब बस एक मध्यस्थ है —
रिश्तेदार नहीं,
दलाल।

निजीकरण अब केवल
रेल, जेल, तेल तक सीमित नहीं,
अब तो आत्मा भी किराए पर है।
ध्यान, योग, मोक्ष —
सदस्यता योजनाओं में बँध चुके हैं।

मंदिर-मस्जिद नहीं बिके अभी,
पर उनके ऊपर छत डालने वाला
ठेकेदार निजी है।
भक्त अब
पंक्ति में नहीं,
ऑनलाइन बुकिंग में विश्वास करते हैं।

कभी सरकारें
जनता के लिए बनती थीं,
अब जनता को
नीति के लिए ढाला जाता है —
एक आकार में,
जहाँ मुनाफा सबसे बड़ा मूल्य है।

और हम?
अब केवल उपभोक्ता हैं,
राष्ट्रभक्ति भी सदस्यता के साथ मिलती है —
मुहरबंद, सीमित समय के लिए।

अब देश सेवा नहीं है,
कस्टमर सर्विस है।
और संविधान?
कॉर्पोरेट शर्तों पर लागू होता है।

हर झोंपड़ी की छत पर
अब उम्मीद नहीं टंगी —
उधारी का मीटर टंगा है।

जो पहले रिश्वत लेकर काम करते थे,
अब सीधे दर तय करते हैं —
कानूनी, पर क्रूर।

हमने नारे सुने थे —
"सबका साथ, सबका विकास,"
अब सुनते हैं —
"सबका सौदा, सबका बिल।"

         -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

गुलोटीन

*गुलोटीन*

गुलोटीन एक मशीन थी,
सिर्फ़ एक झटके में
सिर धड़ से अलग कर देती थी,
बिना चीख, बिना चूक।
कहते हैं —
"न्याय तेज़ होना चाहिए,
जैसे ब्लेड की धार।"

डॉ. गिलोटिन ने इसे
दया के नाम पर गढ़ा था,
"मरना तो है ही,
कम से कम दर्द न हो।"

पर irony की किताब में
ये सबसे मोटा अध्याय बन गया —
गुलोटीन का आविष्कारक
गुलोटीन से ही मारा गया।

क्योंकि दुनिया में धार
कभी भी पलट सकती है।
जो औजार गढ़ते हैं
दूसरों के गले के लिए,
वही औजार
एक दिन उनके कंधे भी ढूंढ लेते हैं।

जो गुलोटीन बनाता है,
वो ये भूल जाता है —
धारें सिर्फ़ बाहर नहीं होतीं,
भीतर भी होती हैं।
और जो दूसरों की आवाज़ काटता है,
कभी न कभी,
ख़ुद अपनी ही आवाज़ की गूँज में खो जाता है।

आवाज़ों की हत्या से
सन्नाटा नहीं बनता,
सिर्फ़ इंतज़ार बनता है —
एक नए विस्फोट का।

सत्ता की धार जब
अंधा न्याय पहन लेती है,
तब 'इंसाफ़'
कठघरे में खड़ा मिलता है।

हर कटते गले के साथ
धार थोड़ा और भटकती है,
और इतिहास की स्याही
थोड़ी और लाल हो जाती है।

आज —
जो आज़ादी के नाम पर
नौकरियों की हत्या करते हैं,
जो दफ़्तरों की इमारतें
नीलामी में नीलाम कर देते हैं,
कहते हैं — "यह विकास है",
असल में वो
सिर्फ़ मुनाफ़े की गुलोटीन चला रहे होते हैं।

हर एक निजीकरण
बस एक कंधा काटता है —
किसी किसान का,
किसी मज़दूर का,
किसी अदृश्य कर्मचारी का,
जिसकी आवाज़ शायद
अख़बारों तक नहीं पहुँचती।

पर याद रखो —
गुलोटीन पलटती है,
इतिहास करवट लेता है।
और जब पूंजी के ये मंदिर ढहेंगे,
तो सबसे पहले
वही ‘लाभार्थी’
अपने माथे पर हाथ रखेंगे।

क्योंकि जो व्यवस्था
केवल लाभ की नींव पर खड़ी होती है,
वो न इंसान बचाती है,
न इंसानियत।

      -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

देश सेवा प्राइवेट लिमिटेड

*देश सेवा प्राइवेट लिमिटेड*

रेल बिक चुकी है,
तेल, नमक, पानी तक
अब बोली में गूंजते हैं
देश की आत्मा
नीलामी की घंटी तले खड़ी है।

गंगा अब धार नहीं रही,
वह एक उत्पाद है
जिसे बोतलों में भरकर
"पवित्र श्वास" योजना के नाम पर
धार्मिक लाभांश में बाँटा जाता है।

नेता मुस्कराते हैं,
चाँद पर पराठा सेंकने की बात करते हैं
धरती की भूख से बेपरवाह।
और पीछे,
ठेकेदार ठठाकर हँसते हैं
“यहाँ की सड़कें अभी भी
गड्ढों में गिरवी हैं।”

सरकारी दफ्तर अब
जनता के नहीं,
संपन्नों के आमंत्रण गृह हैं
जहाँ प्रवेश शुल्क से तय होता है
कौन नागरिक, कौन प्रतीक्षारत।

फाइलें अब चाय नहीं पीतीं,
वे काजू कतली और देसी घी की परतों में
चुपचाप निर्णय करती हैं।
और यदि मुस्कराहट न हो,
तो तुम्हारी अर्ज़ी
किसी अलमारी में पुरानी लोकतंत्र की राख बन जाती है।

पेंशन अब स्मृति है,
एक फीकी कथा
जिसे दादा-दादी
लोरियों की तरह गुनगुनाते हैं।
अब कामकाज का मूल्यांकन
तारीफ़ की आवाज़ से नहीं,
झूठे वादों की गूंज से होता है।

विद्यालयों की जगह
बड़े-बड़े निर्माण स्थल हैं,
जहाँ शिक्षा नहीं,
शॉपिंग मॉल उगते हैं।
अस्पताल अब रोग नहीं देखते,
वे बीमा की भाषा समझते हैं।

चौपालें बिक चुकी हैं,
जहाँ पहले सवाल उगते थे,
अब वहाँ होर्डिंग लगे हैं
“यह गाँव अब निजी क्षेत्र में आता है।”

एक चपरासी पूछता है
“साहब, अब क्या नीलाम करें?”
साहब सोचते हैं, फिर मुस्कराते हैं
“गर्व और आत्मसम्मान बचा है,
शायद उसका अच्छा दाम मिल जाए।”

नेता अब विचारधारा से नहीं,
वीडियो क्लिप और लाउड नारों से बनते हैं।
वादे अब नीतियाँ नहीं,
खेल के स्कोर कार्ड हैं
बदलते ही सब भूल जाते हैं।

जनता अब प्रश्न नहीं पूछती,
वह भीड़ बनकर तालियाँ बजाती है।
लोकतंत्र अब उत्सव नहीं,
तमाशा है
जिसमें हर पात्र गंभीर,
पर संवाद हास्यास्पद होते हैं।

गणतंत्र दिवस पर
अब राष्ट्रगान से पहले
प्रायोजक का नाम आता है।
स्वतंत्रता अब
एक सोने के फ्रेम में टँगा चित्र है
जिसे कोई छूता नहीं,
पर सब उसकी कीमत आँकते हैं।

न्याय अब अदालतों में नहीं,
कचौड़ी की दुकानों में सुना जाता है।
जज साहब कहते हैं
“जिसने मिठाई नहीं भेजी,
वही दोषी है।”

और राजनीति
अब मनोरंजन की शाखा है।
यह हास्य और व्यवस्था का गठबंधन है
जहाँ झूठ, अभिनय, और भ्रम
सत्तामंच पर महाभारत खेलते हैं।

अब भूख भी
पहचान पत्र माँगती है,
और इलाज के लिए
तुम्हें यह साबित करना होता है
कि तुम इस राष्ट्र के
पात्र ग्राहक हो।

देश अब सेवा नहीं,
एक कंपनी है।
संविधान अब संदूक में रखा
पुराना स्वेटर है
जो हर साल दिखाया जाता है,
पर कभी ओढ़ा नहीं जाता।

और आज़ादी
अब छूट में उपलब्ध है।
"तीन महीने की देशभक्ति लो,
एक राष्ट्रवाद मुफ़्त पाओ।"

      
     -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

बिजलीबाई

*बिजलीबाई की कथा: निजीकरण के विरुद्ध एक जनआंदोलन*

बिजली अब गाँव की लड़की नहीं रही,
जो खंभे से लटक कर
हर रात घरों को रोशन कर देती थी।

वह अब
कंपनी बन गई है
लोगो लगी, शेयरों में तनी,
पॉलिसी की भाषा बोलती,
कॉल सेंटर में बैठी प्रतीक्षा करवाती।

अब मीटर घर के बाहर नहीं,
अंदर धड़कता है ऐप में,
जहाँ
बिल बढ़ता है हर सांस के साथ
और कटौती
SMS से पहले
आ जाती है हृदय में।

लाइट अब सिर्फ़ सुविधा नहीं,
"प्लान" है,
"स्लैब" है,
"कस्टमर सेगमेंट" है।
ग़रीब होना अब सिर्फ़ दुख नहीं,
"नॉन-प्रॉफिटेबल ज़ोन" होना है।

लाइनमैन अब नहीं आता
लाइन ठीक करने,
वो अब "टेक्नीशियन" है
जो तब आता है
जब टिकट नंबर OTP से मेल खाता है।

बिजली पहले आती थी
तो लगता था सरकार साथ है।
अब जब आती है
तो डर लगता है
कहीं बैलेंस तो नहीं कट गया?

गाँव की गलियों में
अब भी कुछ खंभे
सर झुकाए खड़े हैं,
जैसे पुरानी यादें
जिन्हें कंपनी की बैठक में
"लॉस मेकिंग असेट" कहा गया।

बिजली अब 'हक़' नहीं रही,
वह 'सर्विस' है
जिसे तुम
तब तक पा सकते हो
जब तक तुम्हारे वॉलेट में
कुछ वोल्ट बचा हो।

बिजलीबाई,
जो कभी हर शाम
घरों की छतों पर
रोटी से पहले आती थी,
अब
हाईटेंशन तारों में क़ैद है
सस्ती नहीं, संविदा पर है।

पहले वो
हर झुग्गी में भी
एक बाती सी जलती थी।
अब पूछती है
"तुम्हारे घर में स्मार्टमीटर है या नहीं?"

गाँव की बूढ़ी अम्मा
जो हर आंधी के बाद
लाइनमैन को चाय पिलाती थी,
आज फोन घुमाकर थक गई है
बिजलीबाई की कॉलर ट्यून में
केवल 'नंबर व्यस्त है' बजता है।

एक दिन
जनता ने हिम्मत की,
लाइन पर खड़े हो गए
बल्ब, पंखा, रेडियो, फ्रिज 
सब अपने-अपने प्लग लेकर।
"हमें रोशनी चाहिए,
चाहे निजी हो या सरकारी,
पर इंसान के बराबर!"

बिजलीबाई चौंकी,
इतने दिनों बाद किसी ने
उससे कुछ माँगा
मोल से नहीं, हक़ से।

वह नीचे उतरी,
एक बल्ब में भरकर
एक झोपड़ी में जल गई,
बोली
"मैं किसी एक की नहीं,
मैं उस आँधी की बेटी हूँ
जो अंधेरे से डरती नहीं!"

जब उजाले को
पैसे में तोला गया,
और अंधेरे को
सब्सिडी की भाषा में समझाया गया
तब
जनता ने रोशनी को
अपनी मुट्ठी में बाँधने का संकल्प लिया।

बिजलीबाई,
जो अब तक सिस्टम की
दीवारों से टकरा कर
थक चुकी थी,
एक बार फिर
लौट आई
इस बार नंगे तारों में नहीं,
लोगों की आँखों की चिंगारी में।

गाँव के चौराहे पर
किसी ने लालटेन उठाई,
किसी ने पुराने ट्रांजिस्टर में
जन-गीत बजाया,
और किसी ने बोर्ड पर लिख दिया
"अब बिजली नहीं, हक़ लौटाओ!"

लाइनमैन,
जो अब तक "ऑफलाइन" था,
कंधे से सीढ़ी उतार लाया
बोला
"मैं भी हूँ तुम्हारे साथ,
जब सेवा, सेवा न रहे,
तो मैं नौकरी नहीं,
इंसानियत चुनता हूँ।"

छात्रों ने
अपने मोबाइल की टॉर्चें जलाईं,
किसानों ने
पानी के पंप की नब्ज़ थामी,
स्त्रियों ने
कढ़ाई छोड़
तारों की गाँठें खोलनी शुरू कीं।

शहरों में, गाँवों में, बस्तियों में
हर ओर
"लाइट नहीं, अधिकार चाहिए!"
का नारा
बिजली के पोल से गूंजने लगा।

और सत्ता?
वह चकित थी
उसे उम्मीद थी लोग
बिल भरेंगे,
पर ये क्या
लोग अब
सवाल भरने लगे थे।

अब यह सिर्फ़ बिजली की बात नहीं थी,
यह
उस उजाले की माँग थी
जिसमें
हर चेहरा दिखे
बिना जात, बिना स्लैब,
बिना "टर्म्स एंड कंडीशन्स" के।

बिजलीबाई मुस्कराई
पहली बार,
उसे महसूस हुआ
कि वह
बिकाऊ नहीं,
जागृति है।

और तभी
भीड़ से उठा एक स्वर,
जो मीटर के नंबरों से नहीं,
दिल की धड़कनों से गूंजा

"बिजली का निजीकरण भगाओ!"
"हर घर में फिर उजाला लाओ!"
"कंपनी नहीं, ज़रूरत है हक़ की
जनता की बिजली, जनता को दो वापस!"

                -देवेंद्र प्रताप वर्मा

जागो ऐ मेरे वतन

जागो ऐ मेरे वतन 
जागो बहादुर साथियों
जागो शिक्षा को समर्पित 
गुरुओं ओ विद्यार्थियों।

जागो खेतों के उजालों 
जागो अन्नदाता किसानों
जागो धरती के सपूतों 
जागो मन के नौजवानों।

जागो पनघट की डगर से 
आसमां तक की कहानी
जागो माँ शक्ति समन्वित 
जागो कल्याणी भवानी।

फिर गुलामी के भंवर में 
जा रहा है देश अपना
हाथ जोड़े कह रहा है 
लाखों की आंखों का सपना।

साजिशों के हाथ पर 
आघात करते क्यों नही तुम
इस बदलते दौर की 
कुछ बात करते क्यों नही तुम। 

कौडियों के भाव बिक जाए 
न मेहनत का पसीना
मुफलिसी की रात काटे 
पल घड़ी हर दिन महीना।

रोजी रोटी की फिकर में 
कट न जाये उम्र सारी
मेहनतकशी अभिशाप हो 
बढ़ती न जाये लाचारी।

बंधुआ मजदूरी की परिभाषा में 
ढल ना जाये श्रम
अपने हक़ को हाथ फैलाते 
नजर न आये हम।

आज की खामोशियाँ 
कल की सजा बन जाएगी
वक़्त बीता तो कोई भी 
युक्ति ना काम आएगी।

नींद गहरी त्याग कर 
जागो उभरते आसमानों
जागो ऐ मेरे वतन 
जागो वतन के स्वाभिमानों।

तुमने बनाई जो इमारत 
रोज बेची जा रही है
ऐसा करके जिंदगी ही 
पीछे खींची जा रही है।

चंद सौदबाजों की मुट्ठी में 
ना सारा जहां हो
रोक लो कि तुम वतन हो 
तुम वतन के बागवां हो।

जागो बस्ती के ठिकानों 
जागो शहरों के घरानों
गांवों की उम्मीद जागो 
जागो सच्चे निगहबानों।

मनुजता के वीर जागो 
जागो अधम के अवसानों
जागो ऐ मेरे वतन 
जागो वतन के नौजवानों।

राधिका

मैं थी
परिवार की चुप तपस्या में 
उगती एक पाती,
वर्जनाओं की भूमि पर खेलती
रैकेट नहीं, स्वप्न के दीप जलाती।

नील गगन के नीचे
हर सुबह जब भोर मुस्काती,
मैं जीवन के शून्य में
अपना नाम टाँक आती।

पर वह जिसने
मेरे नाम पर दीप जलाए थे,
उसी ने मुझे
शव बना दिया, 
क्या वे दीप संदेहों से सुलगाए थे !

क्या मेरी हर जीत
पिता की पीड़ा थी?
या मेरी हर उड़ान
उसके मन की ही हीनता थी?

मैं पूछती रही,
पर वह मौन था
मौन जिसमें पिघलती थी
एक समाज की कठोरता,
जो बेटी को 'कमाई' कह
पिता के घाव में डालता था नमक।

ट्रॉफियाँ मुस्कुराईं,
रैकेट सिसका,
मेरे आख़िरी स्वर में
केवल लयहीनता थी, 
न कोई ह्रस्व, न दीर्घ स्वरिका।

अब मैं नहीं हूँ
पर हूँ हर उस बेटी में
जो अपने ही रक्त के हाथों
अपने स्वप्न की चिता देखती है।

मैं महकती हूँ 
हर टेनिस बॉल की गति में,
हर कलाई की फुर्ती में,
और उस मौन स्त्रीत्व में
जो संघर्ष करती है
स्वीकृति की एक मुस्कान के लिए।

            -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

मछली के आँसू

*मछली के आँसू*

मगरमच्छों के राज में
जल भी डर से काँपता है,
लहरें चुप हैं,
और गहराइयाँ भी मौन।

मछली जब रोती है,
तो आँसू जल में घुल जाते हैं 
किसी ने देखा नहीं,
किसी ने सुना नहीं।

क्योंकि
इस संसार में
दुःख तभी मान्य होता है
जब वह किसी शक्तिशाली का हो।

कमज़ोर की पीड़ा
अक्सर पानी की तरह
बिना रंग, बिना स्वाद,
बिना शोर बह जाती है।

और फिर
इतिहास सिर्फ़ शिकारी का होता है,
शिकार का नहीं।

        -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

छांगुर

अल्लाह के नाम पर नहीं था सजदा,
वह तो सौदा था —
जिसमें बिकती थीं बेटियाँ,
और ज़ुबानें गिरवी रख दी जाती थीं।

छांगुर नहीं था कोई पीर,
वह था एक सौदागर —
जिसकी दुकान चलती थी चुप्पी से,
और घाटा हमेशा नारी की आत्मा को होता था।

उसने कलमा नहीं पढ़ा,
बल्कि कोडवर्ड में हुक्म दिए:
‘मिट्टी पलटो’, ‘काजल दो’, ‘दर्शन भेजो’ —
ये सब शातिर संदर्भ थे नरक की रस्मों के।

बलात्कार उसके हिज्र का हिस्सा था,
धर्मांतरण उसका निकाहनाम था।
उसकी कोठी मस्जिद नहीं,
बदनीयती की दरगाह थी —
जहाँ हर दीवार ने सिसकती औरत की चीखें सुनी थीं।

वो नमाज़ नहीं पढ़ता था,
वो गिनता था कि कितनी लड़कियाँ
अब ‘शबनम’ बन चुकी हैं
और कब उन्हें नेपाल या पाकिस्तान रवाना करना है।

यह कौन-सा अल्लाह है,
जो बेटियों के आँसू पर इबादत मांगता है?
यह कौन-सी उम्मत है
जो गूंगी औरतों को जकात की तरह बाँटती है?

राजनीति उसे संत मानती रही,
प्रशासन उसके आगे नतमस्तक रहा।
कोई डीएम, कोई विधायक,
हर कोई उसकी कोठी में अपनी रीढ़ गिरवी रख आया।

ये बुलडोज़र क्या बिगाड़ेंगे उसका?
जिसकी विचारधारा ज़मीन के नीचे
सांपों की तरह फुँफकार रही है।
आज एक छांगुर गया है,
कल सौ और उगेंगे —
अगर तुम यूँ ही मुँह बंद रखोगे।

अब अल्लाह का नाम बदनाम मत करो,
अगर वह सचमुच है —
तो उसके नाम पर औरतों की हड्डियाँ न तोड़ो।
मस्जिद को मंडी मत बनाओ,
भक्ति को दहशत मत बनाओ।

ये कविता नहीं — ललकार है,
हर उस झूठे बाबा के लिए
जो टोपी पहनकर
ईमान का सौदा करता है।

अब अगला चंगूर यदि पैदा हो,
तो उसे पुलिस नहीं,
जनता का न्याय मारे —
उसकी कोठी नहीं,
उसका नाम जला दो इतिहास से।


---

– एक आक्रोशित कवि,
जो अब शब्दों से वार करेगा,
और हर चुप्पी को चीर डालेगा।

शिव

शिव 
वह नहीं जो किसी मूर्ति में क़ैद है,
न वह जो किसी कथा का पात्र है,
वह तो वह मौन है
जो तुम्हारी चेतना के सबसे भीतरी द्वार पर बैठा है,
एक दीपक की तरह,
जिसकी लौ जलती है, पर धुआँ नहीं देती।

वह न योगी है, न भोगी,
वह वह है जो योग और भोग दोनों के पार है,
जहाँ न इच्छा रहती है, न विरक्ति,
केवल एक निर्विकार साक्षी भाव।

त्रिशूल उसके हाथ में नहीं 
वह भीतर उठती तीन पीड़ाएँ हैं 
काल का भय, वासना की तीव्रता, और कर्तापन का भ्रम।
जब ये तीनों गिरते हैं,
तब शिव प्रकट होते हैं,
शांत, साक्षी और अमिट।

नंदी कोई पशु नहीं 
वह प्रतीक्षा है,
जो न प्रश्न करती है, न उत्तर माँगती है।
वह द्वार पर बैठी ध्वनि है,
जो मौन की भाषा बोलती है।

तीसरा नेत्र कोई चमत्कार नहीं,
वह दृष्टा का द्वार है,
जहाँ बाहर की आँखें बंद होती हैं
और भीतर का आकाश खुलता है,
जहाँ तुम देखते नहीं 
केवल होते हो।

उसकी जटाओं में जो गंगा बहती है,
वह कोई नदी नहीं 
वह समय की वह धारा है
जो चेतना के स्पर्श से थम जाती है,
और शून्य की बूँद बन
अस्तित्व में विलीन हो जाती है।

तांडव उसका नाश नहीं,
वह उस नाच का नाम है
जिसमें प्रत्येक गिरावट
एक नवजागरण का निमंत्रण है,
जहाँ हर टूटन एक नव निर्माण की भूमिका है।

शक्ति कोई स्त्री नहीं,
वह ऊर्जा है
जो जब शिव के मौन से मिलती है,
तो शब्द और मौन का संयोग
एक ऐसा अंतरंग आलिंगन रचता है
जिससे सृजन फूटता है।

वह ध्यान का स्रोत है,
जिसमें  एक-एक साँस
एक-एक द्वार बन जाती है,
जहाँ हर पल
तुम अपने होने से हटते हो,
और जो शेष बचता है 
वही शिव है।

शिव कोई रूप नहीं,
वह तो वह शून्यता है
जिसमें सब कुछ समाया है,
वह उस पहले मौन का नाम है
जिससे सब ध्वनियाँ जन्म लेती हैं।

वह अग्नि है,
पर जलाती नहीं 
वह राख है,
पर विग्रह नहीं करती।
वह नाश है,
पर उसका गर्भ धारण करता है
पूर्ण नवसृजन।

और अंततः,
शिव कोई अन्य नहीं 
वह तुम ही हो
जब तुम नहीं होते।

      -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Monday, August 18, 2025

अहंकार

मैं —
विचारों की तरंग से जन्मा,
स्मृतियों की धूल से ढका,
और इच्छाओं के रंग से सजा—
एक अदृश्य चेहरा।

बुद्धि कहती है —
“यह सत्य है”,
पर मैं तुरंत जोड़ देता हूँ —
“यह सत्य मेरा है।”
यहीं से शुरू होती है मेरी लहर,
जो नदी को महासागर मान बैठती है।

मैं वही हूँ
जो साधु के मन में कहता है —
“तेरी तपस्या सबसे ऊँची है।”
मैं वही हूँ
जो राजा के कान में फुसफुसाता है —
“तेरे बिना प्रजा व्यर्थ है।”

मस्तिष्क की भूलभुलैया में
न्यूरॉनों का उत्सव जब गूँजता है,
तो डोपामिन के नशे में
मैं तुम्हें देवता बना देता हूँ।
और उसी नशे में
तुम दूसरों को तुच्छ समझते हो।

पर मैं स्थायी नहीं हूँ —
जैसे रेत पर खिंची लकीर,
जैसे दर्पण में बना चेहरा,
जैसे मृगतृष्णा का झरना।

कभी मैं दीपक हूँ —
स्वाभिमान की लौ जलाता हूँ,
मनुष्य को अन्याय के विरुद्ध खड़ा करता हूँ।
कभी मैं अग्नि हूँ —
अहंकार की ज्वाला बनकर
साम्राज्यों को राख में बदल देता हूँ।

ऋषि कहते हैं —
“अहं का अंत, आत्मा का प्रारंभ है।”
बुद्ध कहते हैं —
“अहं भ्रम है, पाँच स्कंधों का खेल।”
वेदांत कहता है —
“यह अविद्या है, जो अनंत को सीमित मान लेती है।”

मैं —
एक आवरण हूँ,
आत्मा की रोशनी को ढकता हुआ।
और जब यह आवरण गिरता है,
तब मनुष्य पहली बार
स्वयं को पहचानता है।

Sunday, August 17, 2025

शून्य : सृष्टि की माँ

शून्य-सृष्टि की माँ

आदि में न आकाश था,
न पृथ्वी, न दिशाएँ,
न दिन था, न रात्रि,
न ध्वनि, न प्रकाश।
सब ओर केवल मौन,
और उस मौन के भीतर 
शून्य की गहरी गोद।

शून्य 
जो बाहर से रिक्त दिखता है,
पर भीतर से पूर्ण है,
गर्भवती है संभावनाओं से,
नभ की तरह असीम,
सागर की तरह अथाह।

संख्याओं की माला में
यह है पहला मोती,
जो सबको जोड़ता है
और सबको तोड़ भी सकता है।
यदि शून्य न होता
तो गिनती की धारा
कभी आगे न बढ़ती।
शून्य ही वह बीज है
जिससे अंकुरित होती है
अनन्त की यात्रा।

जहाँ कुछ नहीं दिखता,
वहाँ भी जीवन छिपा है।
निर्वात के मौन में
लहरें उठती हैं,
सूक्ष्म कण
आते-जाते रहते हैं।
शून्य कहता है 
“मैं मृत नहीं,
मैं अदृश्य नृत्य हूँ।”

जब ताप लुप्त हो जाए,
जब गति थम जाए,
फिर भी बचा रहता है
एक हल्का कंपन।
मानो ब्रह्मांड की धड़कन
अब भी चल रही हो।
शून्य कभी निष्क्रिय नहीं,
वह स्वयं एक स्पंदन है।

सृष्टि के प्रारम्भ में
कुछ भी नहीं था,
पर वही “कुछ नहीं”
सबसे बड़ा “कुछ” था।
शून्य की गोद से ही
फूटा काल,
फैला आकाश,
जन्मी पृथ्वी,
और प्रकट हुआ जीवन।

ऋषि कहते हैं 
शून्य ही ब्रह्म है।
बुद्ध कहते हैं 
शून्यता ही सत्य है।
उपनिषद् गाते हैं 
पूर्ण से पूर्ण निकले
तो भी पूर्ण शेष रहता है।

शून्य 
जहाँ अभाव और उपस्थिति
एक हो जाते हैं।
जहाँ मौन ही मंत्र है,
और शून्यता ही परम ज्योति।

शून्य,
सृष्टि की माँ है।
उसकी नाभि से
अनन्त ब्रह्मांड जन्मता है।
वह केवल खालीपन नहीं,
बल्कि संभावनाओं का महासागर है।
वह मौन है,
पर उसी मौन से
फूटते हैं शब्द,
जन्मते हैं तारे,
और खिलता है जीवन।

शून्य ही प्रारम्भ है,
शून्य ही अंत है।
शून्य ही प्रश्न है,
शून्य ही उत्तर है।
शून्य ही मौन है,
और शून्य ही अनन्त।

खिड़की

खिड़की घर में एक खिड़की थी। उससे धूप आती थी। बारिश आती थी। धूल भी। कभी-कभी एक उदास शाम भी। खिड़की ने किसी को नहीं रोका। न धूप को। न धूल को। ...