*देश सेवा प्राइवेट लिमिटेड*
रेल बिक चुकी है,
तेल, नमक, पानी तक
अब बोली में गूंजते हैं
देश की आत्मा
नीलामी की घंटी तले खड़ी है।
गंगा अब धार नहीं रही,
वह एक उत्पाद है
जिसे बोतलों में भरकर
"पवित्र श्वास" योजना के नाम पर
धार्मिक लाभांश में बाँटा जाता है।
नेता मुस्कराते हैं,
चाँद पर पराठा सेंकने की बात करते हैं
धरती की भूख से बेपरवाह।
और पीछे,
ठेकेदार ठठाकर हँसते हैं
“यहाँ की सड़कें अभी भी
गड्ढों में गिरवी हैं।”
सरकारी दफ्तर अब
जनता के नहीं,
संपन्नों के आमंत्रण गृह हैं
जहाँ प्रवेश शुल्क से तय होता है
कौन नागरिक, कौन प्रतीक्षारत।
फाइलें अब चाय नहीं पीतीं,
वे काजू कतली और देसी घी की परतों में
चुपचाप निर्णय करती हैं।
और यदि मुस्कराहट न हो,
तो तुम्हारी अर्ज़ी
किसी अलमारी में पुरानी लोकतंत्र की राख बन जाती है।
पेंशन अब स्मृति है,
एक फीकी कथा
जिसे दादा-दादी
लोरियों की तरह गुनगुनाते हैं।
अब कामकाज का मूल्यांकन
तारीफ़ की आवाज़ से नहीं,
झूठे वादों की गूंज से होता है।
विद्यालयों की जगह
बड़े-बड़े निर्माण स्थल हैं,
जहाँ शिक्षा नहीं,
शॉपिंग मॉल उगते हैं।
अस्पताल अब रोग नहीं देखते,
वे बीमा की भाषा समझते हैं।
चौपालें बिक चुकी हैं,
जहाँ पहले सवाल उगते थे,
अब वहाँ होर्डिंग लगे हैं
“यह गाँव अब निजी क्षेत्र में आता है।”
एक चपरासी पूछता है
“साहब, अब क्या नीलाम करें?”
साहब सोचते हैं, फिर मुस्कराते हैं
“गर्व और आत्मसम्मान बचा है,
शायद उसका अच्छा दाम मिल जाए।”
नेता अब विचारधारा से नहीं,
वीडियो क्लिप और लाउड नारों से बनते हैं।
वादे अब नीतियाँ नहीं,
खेल के स्कोर कार्ड हैं
बदलते ही सब भूल जाते हैं।
जनता अब प्रश्न नहीं पूछती,
वह भीड़ बनकर तालियाँ बजाती है।
लोकतंत्र अब उत्सव नहीं,
तमाशा है
जिसमें हर पात्र गंभीर,
पर संवाद हास्यास्पद होते हैं।
गणतंत्र दिवस पर
अब राष्ट्रगान से पहले
प्रायोजक का नाम आता है।
स्वतंत्रता अब
एक सोने के फ्रेम में टँगा चित्र है
जिसे कोई छूता नहीं,
पर सब उसकी कीमत आँकते हैं।
न्याय अब अदालतों में नहीं,
कचौड़ी की दुकानों में सुना जाता है।
जज साहब कहते हैं
“जिसने मिठाई नहीं भेजी,
वही दोषी है।”
और राजनीति
अब मनोरंजन की शाखा है।
यह हास्य और व्यवस्था का गठबंधन है
जहाँ झूठ, अभिनय, और भ्रम
सत्तामंच पर महाभारत खेलते हैं।
अब भूख भी
पहचान पत्र माँगती है,
और इलाज के लिए
तुम्हें यह साबित करना होता है
कि तुम इस राष्ट्र के
पात्र ग्राहक हो।
देश अब सेवा नहीं,
एक कंपनी है।
संविधान अब संदूक में रखा
पुराना स्वेटर है
जो हर साल दिखाया जाता है,
पर कभी ओढ़ा नहीं जाता।
और आज़ादी
अब छूट में उपलब्ध है।
"तीन महीने की देशभक्ति लो,
एक राष्ट्रवाद मुफ़्त पाओ।"
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment