मैं थी
परिवार की चुप तपस्या में
उगती एक पाती,
वर्जनाओं की भूमि पर खेलती
रैकेट नहीं, स्वप्न के दीप जलाती।
नील गगन के नीचे
हर सुबह जब भोर मुस्काती,
मैं जीवन के शून्य में
अपना नाम टाँक आती।
पर वह जिसने
मेरे नाम पर दीप जलाए थे,
उसी ने मुझे
शव बना दिया,
क्या वे दीप संदेहों से सुलगाए थे !
क्या मेरी हर जीत
पिता की पीड़ा थी?
या मेरी हर उड़ान
उसके मन की ही हीनता थी?
मैं पूछती रही,
पर वह मौन था
मौन जिसमें पिघलती थी
एक समाज की कठोरता,
जो बेटी को 'कमाई' कह
पिता के घाव में डालता था नमक।
ट्रॉफियाँ मुस्कुराईं,
रैकेट सिसका,
मेरे आख़िरी स्वर में
केवल लयहीनता थी,
न कोई ह्रस्व, न दीर्घ स्वरिका।
अब मैं नहीं हूँ
पर हूँ हर उस बेटी में
जो अपने ही रक्त के हाथों
अपने स्वप्न की चिता देखती है।
मैं महकती हूँ
हर टेनिस बॉल की गति में,
हर कलाई की फुर्ती में,
और उस मौन स्त्रीत्व में
जो संघर्ष करती है
स्वीकृति की एक मुस्कान के लिए।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment