Tuesday, August 19, 2025

सेवा अब बिक्री पर है

*सेवा अब बिक्री पर है*

सरकारी दफ़्तर अब थके नहीं,
थकाए जा रहे हैं।
ताकि कोई कह सके —
"देखो, ये तो बोझ हैं देश पर!"
और फिर धीरे से बेच दिया जाए,
जैसे दादी की ज़मीन —
बिना पूछे, बिना पछताए।

अब सेवा नहीं दी जाती,
सौदा किया जाता है।
नागरिक नहीं रहे,
अब हम ग्राहक हैं —
सन्तोष नहीं माँगते,
केवल बिल भरते हैं।

राशन कार्ड से अब राशन नहीं,
डिजिटल प्रमाणपत्र माँगा जाता है।
अनाज अब लाभ का माध्यम है —
“सब्सिडी” शब्द, पुराने पाठ्यक्रमों में पढ़ाया जाएगा।

रेल की सीटी अब
यात्रा की सूचना नहीं,
दरों की धमकी देती है।
त्योहारों में
टिकट नहीं मिलते,
शोषण के विशेष डिब्बे आरक्षित होते हैं।

अस्पताल अब तीर्थस्थल नहीं,
बाज़ार हैं।
रोगी नहीं,
ग्राहक आते हैं —
पैकेज चुनने।

"बीमा है?"
"नहीं?"
"तो क्षमा कीजिए —
जीवन रक्षा हमारी नीति में नहीं है।"

विद्यालय अब मंदिर नहीं,
ब्रांड बन गए हैं।
कक्षा की जगह
ऑनलाइन मंच है,
शिक्षक की जगह
पाठ्य-सामग्री की सदस्यता।

विद्यार्थी अब
ज्ञान नहीं,
डिग्री की रसीद खोजता है।
और फीस?
ब्याज सहित, पीढ़ियों तक चलती है।

पुलिस अब
अर्ज़ी नहीं लेती,
सिफारिश पर कार्रवाई करती है।
गरीब की रिपोर्ट?
फ़ाइल में दबी रहती है,
जैसे भविष्य में न्याय आना हो।

न्यायालय में अब
तथ्य नहीं,
समय और साधन चलते हैं।
अदालतें न्याय नहीं,
समझौते करती हैं —
पक्षकारों की आर्थिक क्षमता देखकर।

पानी अब
जल नहीं,
संभ्रांत वर्ग का उत्पाद है।
नल के नीचे नहीं मिलता,
बोतल में बिकता है —
'शुद्धता की गारंटी' के साथ।

बिजली अब सार्वजनिक नहीं रही,
उसकी भी अब निजी आरती होती है।

जहाँ पहले सरकार
कहती थी —
"हर घर बिजली पहुँचेगी,"
अब कंपनियाँ पूछती हैं —
"हर घर में कितनी कमाई पहुँचती है?"

ग्रामीण घरों में
बिजली आती है
जैसे नेता —
चुनाव के मौसम में।

अब बिजली जलने से पहले
हम बटन नहीं दबाते,
बिल की राशि का अनुमान लगाते हैं।

चार रुपये से शुरू होकर
ग्यारह रुपये प्रति यूनिट तक
पहुंच जाती है रौशनी —
मानो सूरज कंपनी का ठेकेदार हो।

बिजली कंपनियों को
अब लोग नहीं दिखते,
मीटर नंबर दिखते हैं।
शिकायत करने पर
"कृपया टोल-फ्री पर कॉल करें" —
जहाँ कोई जवाब नहीं देता,
बस रिकार्डेड आश्वासन चलता है।

अब अंधकार पर कोई सवाल नहीं पूछता,
क्योंकि उजाले का ठेका
निजी हाथों में है।

और सरकार?
अब बस एक मध्यस्थ है —
रिश्तेदार नहीं,
दलाल।

निजीकरण अब केवल
रेल, जेल, तेल तक सीमित नहीं,
अब तो आत्मा भी किराए पर है।
ध्यान, योग, मोक्ष —
सदस्यता योजनाओं में बँध चुके हैं।

मंदिर-मस्जिद नहीं बिके अभी,
पर उनके ऊपर छत डालने वाला
ठेकेदार निजी है।
भक्त अब
पंक्ति में नहीं,
ऑनलाइन बुकिंग में विश्वास करते हैं।

कभी सरकारें
जनता के लिए बनती थीं,
अब जनता को
नीति के लिए ढाला जाता है —
एक आकार में,
जहाँ मुनाफा सबसे बड़ा मूल्य है।

और हम?
अब केवल उपभोक्ता हैं,
राष्ट्रभक्ति भी सदस्यता के साथ मिलती है —
मुहरबंद, सीमित समय के लिए।

अब देश सेवा नहीं है,
कस्टमर सर्विस है।
और संविधान?
कॉर्पोरेट शर्तों पर लागू होता है।

हर झोंपड़ी की छत पर
अब उम्मीद नहीं टंगी —
उधारी का मीटर टंगा है।

जो पहले रिश्वत लेकर काम करते थे,
अब सीधे दर तय करते हैं —
कानूनी, पर क्रूर।

हमने नारे सुने थे —
"सबका साथ, सबका विकास,"
अब सुनते हैं —
"सबका सौदा, सबका बिल।"

         -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

खिड़की

खिड़की घर में एक खिड़की थी। उससे धूप आती थी। बारिश आती थी। धूल भी। कभी-कभी एक उदास शाम भी। खिड़की ने किसी को नहीं रोका। न धूप को। न धूल को। ...