*कृत्रिम सूरज की सुबह*
रात की कोख अब
सिर्फ़ नेटफ्लिक्स के एपिसोड जनती है।
सुबहें
अलार्म से नहीं —
"स्क्रीन ऑन" से जागती हैं।
मैंने सूरज को कहा —
"अब मत उगो,
तुम्हारी रोशनी
Blue Light में खो गई है।"
खिड़की से बाहर नहीं झांकते लोग,
Weather App बता देता है
कि धूप आई है या
बस Notification।
माँ कहती थी —
"हर चुनौती में अवसर छिपा होता है"
पर अब चुनौतियाँ
OTP में अटक जाती हैं,
और अवसर
सिर्फ़ Influencers के लिए होते हैं।
गुल नहीं खिलते अब
Gmail के Inbox में
"Congratulations! You've been selected"
नामक झूठे फूल जरूर खिले रहते हैं।
बिछड़े लम्हे अब
Memory नहीं —
Google Photos की Cloud Timeline हैं,
Delete करो तो भी
"Recently Deleted" में पड़े रहते हैं।
हूरें?
अब फ़ोन स्क्रीन पर आती हैं,
Beauty Filter में,
हकीकत से तीन MB ज़्यादा सुंदर।
देश की बात छोड़ो,
यहाँ मोहल्ला
Society WhatsApp Group से चल रहा है,
जहाँ "Jai Hind" और "Good Morning"
GIF में मिलते हैं।
मैं चाहता हूँ
कि कोई कहे —
"चलो, सच में सुबह लाएँ,"
पर तब तक
Zoom Meeting शुरू हो चुकी होती है।
अब सूरज नहीं उगते,
Router Restart होते हैं।
और उम्मीदें?
4G नेटवर्क पर Pending पड़ी रहती हैं।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment