मेरे मन में बसे श्रीराम
जागो कन्हैया घनश्याम
विपदा बड़ी है मुश्किल घड़ी है
सांसों की माला बिखरी पड़ी है।
धैर्य नहीं है साथ हमारे
छूट रहे हैं सारे सहारे।
तेरी लौ से प्रज्जवल तन मन
तम में फिरे गुमनाम
जागो कन्हैया घनश्याम।
हमने दया की ना जीवन पर
तेरे बनाये सुंदरवन पर
उल्टी दिशा में चलने लगे हम
भूले तुझे क्या करने लगे हम
अपने अहम में त्रास किया सब
तेरा रचाया नाश किया सब
मान रहा है सिंधु स्वयं को
जो है बिंदु समान
जागो कन्हैया घनश्याम।
गंगा की लहरें है भारी भारी
तैर रही काया दुखियारी
दारुण दृश्य नयन को रीते
रोते स्वजन अश्रु को पीते
कोई नही है सुननेवाला
पीर प्रबल को हरने वाला
निर्बल के बल दुखियों के हल
तुम ही तो हो प्रभु राम
जागो कन्हैया घनश्याम।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment