Sunday, May 18, 2025

गरीबी और महामारी

ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता
क्यों मुकद्दर में गरीबी ही गरीबी है अता।

काली रातों में सुनहरी 
परियों के सपने नही हैं।
खिलखिलाते दिख रहे जो
बच्चे वो अपने नही हैं।

इस जिगर के लाल गुमसुम की है आखिर क्या खता
ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

गांव में छोटा सा घर है
बूढ़ी माँ बाबा का दर है।
खाली है खलिहान मेरा
खाने को बस मुट्ठी भर है।

भूख से व्याकुल हृदय को एक शहर का है पता
ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

रोजी रोटी की फ़िकर में
आ गए हैं इक शहर में
काम छोटा मिल गया है
रोशनी लौटी है घर में।

नीम से लिपटी हरी हो आयी मुरझाई लता
ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

खुशियों की चंचल प्रभा पर
दुख की काली रात भारी,
देखते ही देखते छायी
 शहर  में महामारी

थम गया सारा शहर फिर ना हमें ऐसे सता
ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

कारखाने बंद है
काम वाले चंद हैं।
कैसे होगी अब गुजर
खामोश  हुनरमंद हैं।

हम गरीबों की तरफ कोई नही क्यों ताकता
ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

अब मदद की आस छोड़
चल चले हम घर की ओर
रास्ता लंबा बहुत है
है नही और कोई ठौर

बांध बांसी रोटियाँ चल और ना अब दुःख जता
ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

घर से बाहर न निकलने का 
हुआ फरमान जारी
पर निकलना है हमारी 
बेबसी और लाचारी।

बेफिक्र हो चल पड़े अंजान है ये रास्ता
ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

रास्तों पर मंत्री हैं
पहरा देते संतरी हैं
छिप छिपा कर जो चले
तो रेल की पटरी मिली है

सीधे चलने में हमारी जान का है वास्ता
ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

क्या पता था क्या खबर थी
ये सफर पूरा न होगा
परिजनों से मिलने का 
है ख्वाब अधूरा न होगा

क्या घटित होगा नही कोई भी कुछ है जानता
ऐ मेरे ईश्वर मेरे मालिक मेरे मौला बता।

हाय विपदा की घड़ी में
मौत सम्मुख आ गई
रेल की पटरी पे बांसी
रोटियां बिखरा गयी।

धड़ कटे अब भूख से अपना नही कुछ राब्ता
ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

रोजी रोटी की फ़िकर में
रोटियां ही रह गईं
रेल की पटरी से चिपकी
बोटियां कुछ कह गईं।

फिर गरीबी की उमर हमको नही करना अता
ऐ मेरे मालिम मेरे ईश्वर मेरे मौला बता।

ऐ मेरे मालिक मेरे ईश्वर मेरे मौला बता
क्यों मुकद्दर में गरीबी ही गरीबी है अता।

No comments:

Post a Comment

खिड़की

खिड़की घर में एक खिड़की थी। उससे धूप आती थी। बारिश आती थी। धूल भी। कभी-कभी एक उदास शाम भी। खिड़की ने किसी को नहीं रोका। न धूप को। न धूल को। ...