सब कुछ मौन था,
न कोई आकाश,
न कोई धरती,
न समय, न स्वर,
बस एक गहरा मौन —
जिसमें केवल ईश्वर का विचार था।
और उस विचार ने
अपने भीतर से कहा —
"हो प्रकाश!"
और एक स्पंदन में
अंधकार चीरता हुआ
प्रकाश फैल गया।
फिर दिन बीते —
या कहो, दिन जन्मे।
पहले दिन —
प्रकाश और अंधकार को अलग किया गया।
दूसरे दिन —
ऊपर और नीचे के जल को बाँटा,
आकाश और समुद्र ने नाम पाया।
तीसरे दिन —
पृथ्वी की पीठ पर उगी हरियाली —
घास, वृक्ष, फल, बीज…
चौथे दिन —
सूरज बना समय का पहरा,
चाँद बना रात्रि की छाया।
पाँचवें दिन —
जल में मछलियाँ, आकाश में परिंदे,
और सब जीव जो लहरों और पंखों में गाते हैं।
छठे दिन —
पशु, और फिर —
एक विचार से भिन्न,
ईश्वर ने कहा:
“चलो बनाते हैं ऐसा प्राणी
जो मेरे जैसा हो।”
वह मिट्टी थी,
पर जब ईश्वर ने उसमें
“निश्मत” — जीवन की साँस फूँकी,
तो वह आदम बन गया —
सोचता, देखता, चुनता मनुष्य।
उसे रखा गया एडन में —
बग़ीचा जहाँ सब कुछ था —
नदियाँ, वृक्ष, पशु, चाँदनी।
हर चीज़ सुलभ थी,
पर एक वृक्ष ऐसा था
जिसका फल था
"ज्ञान — सही और गलत का"।
और ईश्वर ने कहा:
"इस एक को मत छूना,
बाक़ी सब तुम्हारे हैं।"
ईश्वर ने देखा —
आदम अकेला है।
तो उसने उसके हृदय के पास की हड्डी ली —
और बनाया हव्वा —
ना नीचे से, ना ऊपर से,
बल्कि पास से —
जिससे वह साथ हो,
ना मालिक, ना दास।
एक दिन हव्वा सुनती है —
एक सर्प की आवाज़ —
जो कहता है:
“क्या सच में मना किया है ईश्वर ने?”
"अगर तुम खाओगी,
तो तुम भी जान पाओगी —
जैसे वह जानता है।"
हव्वा ने सोचा —
“क्या जानना इतना बुरा है?”
और फिर उसने फल खाया।
हव्वा ने आदम को दिया।
उसने भी खाया।
और उसी क्षण —
उनकी आँखें खुलीं,
निरपराध मासूमियत ने लज्जा का वस्त्र ओढ़ लिया।
अब वे खुद को देख सकते थे,
अपनी भंगुरता को,
अपने निर्णय को।
ईश्वर आया,
न ग़ुस्से में,
बल्कि एक प्रश्न के साथ:
“आदम, तुम कहाँ हो?”
यह प्रश्न स्थान का नहीं,
बल्कि स्थिति का था।
“अब जब तुम जान चुके हो,
तो क्या तुम खुद को संभाल सकोगे?”
एडन के द्वार बंद हुए,
पर वह दंड नहीं था —
वह था एक नया जन्म।
एक जीवन — जहाँ
मनुष्य अब जानता है,
और जानकर जीना सीखता है।
अब हर दिन एक नया चयन है,
हर भाव एक बीज है,
हर कर्म एक वृक्ष है —
जिसे हम स्वयं उगाते हैं।
बग़ीचे से बाहर की दुनिया
कटु हो सकती है,
पर वहीं
मनुष्य निर्माता बनता है —
ईश्वर के साथ, ईश्वर की तरह।
और ईश्वर आज भी पूछता है:
"तुम कहाँ हो?

No comments:
Post a Comment