*राख के उत्सव*
हर वर्ष
अग्नि उठती है
भीड़ के जयघोष के साथ
मानो असत्य जल गया हो।
पर असत्य,
काग़ज़ और भूसे में नहीं,
मनुष्य की नाभि में बैठा है,
जहाँ भूख और भय
एक साथ साँस लेते हैं।
राख उड़ती है
धूप की तरह माथे पर मल दी जाती है।
किसी के लिए यह परम्परा है,
किसी के लिए तमाशा।
पर राख
सिर्फ अतीत की स्मृति नहीं,
वर्तमान का सौदा भी है।
उसमें लोभ की गंध है,
सत्ता की छाया है,
और एक बही-खाता है
जिसमें आँकड़े अंकित होते हैं
जैसे अग्नि ही
लाभ और हानि का लेखा हो।
दशानन
अब पुतलों में नहीं,
मनुष्य की इच्छाओं में है।
उसके दस सिर
नए-नए आकार लेते हैं
एक सिर आडंबर का,
दूसरा वाणी का शोर,
तीसरा स्वप्न का मृगजल,
चौथा लोभ का अंधकार।
बाक़ी सब सिर
अनगिनत छायाएँ हैं
जो दर्पण में बदल-बदल कर
भीतर की सच्चाई छिपाते हैं।
होलिका
लपटों में नहीं जलती।
वह तो हर बार
विश्वास के नाम पर
सुलगाई जाती है।
अब कोई प्रह्लाद नहीं
सिर्फ मुखौटे हैं
जो आस्था का अभिनय करते हैं।
उसकी हँसी
राख में दबे अंगारों जैसी है,
जो बाहर से ठंडी,
भीतर से नितांत धधकती है।
पटाखों का शोर
रिक्तता का आवरण।
भीड़ उसे गूँज मान लेती है,
जैसे भीतर का शून्य
इस शोर में
भर गया हो।
पर शून्य तो शून्य ही है
उस पर कितनी भी रोशनी डालो,
वह अंधकार का साथी ही रहता है।
अग्नि
कभी शुद्धि का प्रतीक थी।
अब वह आईना है,
जिसमें तमाशा झिलमिलाता है।
लपटों में लोग
अपने चेहरे देखना चाहते हैं
पर जो उभरता है,
वह उनका नहीं,
उनकी आकांक्षाओं का विकृत प्रतिबिंब है।
राख
अब खेतों में नहीं गिरती,
जहाँ वह उर्वरता देती थी।
अब वह बाज़ार में बिकती है
कभी “परम्परा” के नाम पर,
कभी “संस्कृति” के पैकेटों में।
लोग उसे
श्रद्धा मानकर खरीदते हैं,
पर असल में वह
खोखलेपन का व्यापार है।
और हर वर्ष
भीड़ लौट जाती है यह मानकर
कि असत्य भस्म हो गया।
पर असत्य तो
राख के नीचे दबा अंगार है
हर उत्सव के बाद
और अधिक चमक उठता है।
दशानन और होलिका
अब दुखी नहीं।
वे ठहाके लगाते हैं
जैसे राख से उठती चिनगारियाँ
मुस्करा रही हों।
वे जानते हैं:
जब तक लोग
अग्नि को तमाशा,
राख को सौदा
और स्मृति को उत्सव मानते रहेंगे
तब तक उनमें
न कोई राम होगा,
न कोई प्रह्लाद।
सिर्फ छायाएँ होंगी,
जो हर वर्ष
भूसे के पुतलों की तरह
फिर से खड़ी कर दी जाएँगी।
No comments:
Post a Comment