निस्पृहता का मार्ग
विचार की नदी में
जैसे ही कोई तिनका तैरता है,
मन उसे पकड़ने को दौड़ता है—
तिनका साधारण है,
पर मन उसे मोती समझ बैठता है।
आकर्षण,
उस तिनके का पहला नाम है।
आकर्षण से जन्म लेती है
इच्छा—
एक प्यास,
जो कभी बुझती नहीं।
इच्छा
आवेश को जन्म देती है;
आवेश
मन को भटकाती है,
और बेचैनी का जाल
उसे चारों ओर से घेर लेता है।
फिर आती हैं यादें,
वासनाओं का धुँधलका,
स्मृतियों के धोखे—
मन छलनी हो जाता है
जैसे टूटे घड़े से रिसता हो पानी।
उद्देश्य?
वह कहीं पीछे छूट जाता है,
जैसे मार्ग में पड़ा पत्थर
जिस पर कोई यात्री
पाँव रखे बिना
आगे बढ़ ही न सके।
मन
छोटी-छोटी इच्छाओं के पीछे
भागते-भागते
अपने ही शिखर को भूल जाता है।
जैसे पर्वतारोही
पहाड़ी फूल तोड़ने में रम जाए
और शिखर की यात्रा अधूरी छोड़ दे।
पर निस्पृह होना
उद्देश्य को थाम लेना है—
फूलों की रंगीन ललक से परे,
जुगनुओं की झिलमिल से दूर—
सत्य की स्थिर ज्वाला की ओर बढ़ना है।
निस्पृह होना
त्याग नहीं,
बल्कि स्मरण है—
कि पथ का हर आकर्षण
क्षणिक है,
और उद्देश्य ही
स्थायी दीपक है।
No comments:
Post a Comment