Thursday, June 11, 2026

कौन है जो मुक्ति चाहता है

कौन है जो मुक्ति चाहता है?
कौन है जो मुक्ति चाहता है?
और यदि चाहता है, 
तो पहले यह बताओ— 
बँधा कौन है?

क्या आकाश अपने लिए आकाश खोजता है? 
क्या नदी अपने बहने की अनुमति माँगती है? 
क्या प्रकाश अंधकार से छुटकारे की याचना करता है?
फिर यह कौन है जो कहता है— 
"मैं मुक्त होना चाहता हूँ"?
शायद एक विचार, 
जो स्वयं को मनुष्य समझ बैठा है।
शायद एक छाया, 
जो अपने ही बनाए कारागार की दीवारों को सच मान बैठी है।
तुम कहते हो— 
ज्ञान चाहिए।
पर क्या सत्य कभी तुमसे दूर गया था?
तुम कहते हो— 
मुक्ति चाहिए।
पर क्या बंधन कभी तुम्हारे अतिरिक्त भी कहीं था?
जैसे स्वप्न में एक यात्री रास्ता पूछता है, 
और जागने पर जानता है कि 
न यात्रा थी, न रास्ता, न भटकन—
वैसे ही
जिस दिन तुम देखोगे कि खोजने वाला ही खोज है, 
प्रश्न ही उत्तर है, 
और पाने वाला ही प्राप्त है,
उस दिन हँसी आएगी—
कि जिसे मुक्ति चाहिए थी, 
वह कभी बँधा ही नहीं था।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

खिड़की

खिड़की घर में एक खिड़की थी। उससे धूप आती थी। बारिश आती थी। धूल भी। कभी-कभी एक उदास शाम भी। खिड़की ने किसी को नहीं रोका। न धूप को। न धूल को। ...