बाज़ार भरा था।
चमक थी।
आवाज़ें थीं।
हर चीज़ मुझे बुला रही थी।
मैं रुका।
फिर देखा
कुछ फूल थे
जो हाथ में आते ही काँटे हो जाते थे।
कुछ जल था
जिसे पीकर प्यास बढ़ती थी।
कुछ रास्ते थे
जो चलते-चलते अपने ही चारों ओर घूम आते थे।
तब एक बूढ़े पेड़ ने कहा
पहचानो।
हर चमक प्रकाश नहीं होती।
हर मिठास अमृत नहीं होती।
मैंने देखा
एक नदी थी।
धीमी।
चुप।
वह किसी को पुकारती नहीं थी।
फिर भी
पक्षी वहीं उतरते थे।
प्यासे हिरण वहीं आते थे।
मैं उसके किनारे बैठा।
वहाँ
क्षमा थी।
जैसे सूखी डाल पर नई कोंपल।
दया थी।
जैसे धूप का दीवार पर उतरना।
संतोष था।
जैसे भरे आकाश में एक अकेला चाँद।
सत्य था।
जैसे अँधेरे में दूर जलता हुआ एक दीप।
मैंने तब जाना
विष हमेशा कड़वा नहीं होता।
और अमृत
हमेशा मीठा नहीं।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment